लालगंज, प्रतापगढ़। मंहगाई तथा बेरोजगारी व बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर गुरूवार को कांग्रेसियों ने संघर्ष छेडे जाने की हुंकार भरी। सांगीपुर में ब्लाक कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक में पार्टी के संगठन की मजबूती के साथ भाजपा सरकार की खामियों को लेकर संघर्ष की रूपरेखा पर मंथन हुआ। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि सरकार किसानों तथा नौजवानों की मूलभूत समस्याओं से ध्यान बंटाने के लिए संविधान तथा विपक्ष पर हमलावर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी की नीतियों को मजबूत बनाने के लिए वह गांव गांव संपर्क तथा संवाद अभियान को प्रभावी बनाने में जुटें। बैठक में राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी तथा क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में जनता की तकलीफों तथा समस्याओं के निदान के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू करने का संकल्प जताया। सांसद प्रमोद तिवारी के प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस में सभी वर्गो व धर्मो के लोगों का मान सम्मान सदैव सुरक्षित रहा है। सांगीपुर ब्लाक प्रभारी सुधाकर पाण्डेय ने संगठन के विस्तारीकरण पर जोर दिया। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख दृगपाल यादव तथा संचालन पूर्व प्रमुख रामकृपाल पासी ने किया। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने मंहगाई तथा अराजकता के खिलाफ सरकार विरोधी नारे लगाते हुए सांकेतिक प्रदर्शन भी किया। बैठक को वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, सेवादल के जिलाध्यक्ष महेन्द्र शुक्ल, रामरतन तिवारी, राजेन्द्र वर्मा, डॉ. अमिताभ शुक्ल, लल्लन सिंह, अशोकधर द्विवेदी, रामबोध शुक्ला, अनिल तिवारी, मुन्ना शुक्ला, राजू मिश्र, रोहित सिंह ने भी संबोधित कर पार्टी की नीतियों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर विकास मिश्र, जगदीश मिश्र, राजकुमार तिवारी, संतबक्श पटेल, प्रदीप वर्मा, शिवकुमार साहू, राममनोहर सरोज, संदीप यादव, प्रशांत त्रिपाठी, अजय विश्वकर्मा, सर्वेश पाण्डेय, धर्मेन्द्र सिंह, दिलीप विश्वकर्मा, बृजेश मिश्र, दुष्यंत प्रताप सिंह आदि रहे।