76 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोशल एंड मोटिवेशनल ट्रस्ट के द्वारा रविवार दिनांक 26 जनवरी 2025 को भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित फ्रेंच अपार्टमेंट के क्लब हाउस में रखा गया था, जिसमें बड़ी संख्या में कवियों और कवयित्रियों ने देश प्रेम से ओत प्रोत अपनी कविताओं का सस्वर पाठ किया। कई कलाकरों ने देश भक्ति गीतों की भी प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि गण, वरिष्ठ कवयित्री प्रमिला भारती, वरिष्ठ कवयित्री एवं प्रख्यात रचनाकार सविता चड्ढा, नारायणी साहित्य संस्था की अध्यक्ष पुष्पा सिंह बिसेन, वरिष्ठ हास्य कवि बाबा कानपुरी, वरिष्ठ कवि एवं आकाशवाणी दिल्ली के अवकाश प्राप्त निदेशक अरुण कुमार पासवान तथा वरिष्ठ कवि धर्मदेव यादव धर्मेश थे। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता सिंह, संस्थापक रवीन्द्र नाथ सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय कुमार ओझा, नोएडा के अध्यक्ष प्रमोद कुमार श्रीवास्तव एवं अन्य गणमान्य लोगों ने अभिमंत्रित अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की, तत्पश्चात अनुपमा श्रीवास्तव ने सरस्वती वंदना की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता सिंह ने अपने उद्बोधन में भारतीय गणतंत्र और संविधान की विशेषता बताते हुए राष्ट्रीयता की भावना को अधिक से अधिक लोगों के बीच जागृत करने पर जोर दिया। उन्होंने नवांकुर कवि कवयित्रियों को आगे लाकर साहित्य की मुख्य धारा में शामिल करने की जरूरत बताई और यह भी बताया कि हमारी संस्था अपने साहित्य धर्म को निभाने की भरपूर कोशिश कर रही है।
जिन रचनाकारों ने अपनी देशभक्ति के गीतों और कविताओं से कार्यक्रम को समृद्ध बनाया उनके नाम निम्न प्रकार से हैं—
सुभाष कश्यप,मीनाक्षी गुप्ता,स्नेह लता स्नेह,
जयवीर सिंह अत्री,ममता सिंह,संजय कुमार ओझा,
डॉ भावना शुक्ल,रवींद्रनाथ सिंह, पी के श्रीवास्तव,
अनिल मासूम,मंजू बिश्नोई गुप्ता, विनीता सिंह, मंजुला श्रीवास्तव,करमेश सिन्हा,
रवि कुमार झा, कामिनी समदर्शी,संध्या श्रीवास्तव इत्यादि।
कार्यक्रम के दौरान चालीस से अधिक कवि एवं कवयित्रियों को अंगवस्त्र, माला एवं सम्मान प्रतीक से सम्मानित किया गया। संस्था द्वारा खाने और चाय पानी की समुचित व्यवस्था होने के कारण दूर दूर से पधारे रचनाकारों ने देर रात तक काव्य पाठ का भरपूर आनंद लिया।
अर्चना झा हिना और विनीता सिंह आरुषि ने मंच संचालन की अनूठी मिसाल पेश की जिससे कार्यक्रम और अधिक रोमांचक हो गया। फ़्रेंच सोसायटी के ए ओ ए अध्यक्ष सुदीप जयसवाल को भी कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया।
सोशल एंड मोटिवेशनल ट्रस्ट दिल्ली स्थित स्वयंसेवी संस्था है जिसकी शाखाएं देश के विभिन्न शहरों के साथ साथ विदेश में भी साहित्य, कला, संस्कृति एवं समाज सेवा के विकास करने में अग्रसर है।