
झांसी: पुष्पेंद्र यादव की पत्नी शिवांगी यादव ने बीती रात अपने मायके जालौन के आटा थानान्तर्गत पिपराया ग्राम में आत्महत्या कर ली। 5 अक्टूबर 2019 को करगुआं में हुआ पुष्पेंद्र यादव का पुलिस ने एनकाउंटर किया था। जिसे परिवार के लोगों ने फर्जी बताया था।
पुष्पेन्द्र यादव के फर्जी एनकाउंटर को लेकर काफी हंगामा भी हुआ था। प्रदेश के इस चर्चित विवादित एनकाउंटर कांड के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने भी गए थे। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भी इस मुठभेड़ को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा था।
कौन था पुष्पेन्द्र यादव
पुष्पेन्द्र यादव झांसी के करगुआं गांव का निवासी था। पुष्पेन्द्र यादव के पिता सीआईएसएफ में थे। पिता की आंखों की रोशनी जाने के बाद पुष्पेन्द्र को नौकरी मिली थी। पुष्पेन्द्र के पास दो ट्रक थे। जिससे वो सीमेंट, बालू की ढुलाई का बिजनेस करता था। दिल्ली मेट्रो में काम करने वाले पुष्पेन्द्र यादव के भाई ने मुठभेड़ को फर्जी बताकर पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया था।