टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है जिसने हर किसी को चौंका दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार मशहूर एक्टर Ashish Kapoor जिनकी उम्र 40 साल है उन पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने उन्हें पुणे से गिरफ्तार कर लिया। यह मामला दिल्ली के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। आशीष कपूर टीवी के मशहूर शो ये रिश्ता क्या कहलाता है समेत कई सीरियल्स में अहम भूमिकाएँ निभा चुके हैं। अब उन पर लगे इस गंभीर आरोप ने सभी को हैरान कर दिया है।
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि अगस्त के दूसरे हफ्ते में आशीष कपूर ने दिल्ली में अपने एक दोस्त के घर पर पार्टी रखी थी। इसी पार्टी के दौरान उन्होंने लड़की को बाथरूम में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने 11 अगस्त को दिल्ली में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी जिसके बाद पुलिस उन्हें तलाशने में जुट गई थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस काफी समय से अलग-अलग जगहों पर आशीष की गतिविधियों पर नजर रख रही थी और आखिरकार उन्हें पुणे से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला ने शुरुआत में अपनी शिकायत में आशीष के अलावा दो और लोगों के नाम भी लिखवाए थे, लेकिन बाद में बयान बदलकर सिर्फ आशीष का नाम ही रखा।
आशीष से इंस्टाग्राम पर जुड़ी थीं महिला
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि दुष्कर्म के दौरान घटना का वीडियो बनाया गया था, हालांकि पुलिस को अब तक ऐसा कोई वीडियो नहीं मिला है। जानकारी के मुताबिक महिला और आशीष की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और उसी के बाद अभिनेता ने उन्हें इस पार्टी में बुलाया था। शुरुआत में आशीष के दोस्त और उनकी पत्नी पर भी केस दर्ज हुआ था, लेकिन बाद में दोनों को अग्रिम जमानत मिल गई।
रिपोर्ट्स में सामने आया है कि सीसीटीवी फुटेज और वहां मौजूद गवाहों ने बताया कि आशीष और महिला दोनों बाथरूम में गए थे। उस दौरान उनके दोस्त और अन्य मेहमानों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन दोनों बाहर नहीं आए। फिलहाल पुणे पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हर एंगल से इसकी पड़ताल की जा रही है।
आशीष कपूर इन शोज़ में नज़र आ चुके हैं
जहां तक करियर की बात है तो आशीष कपूर टीवी इंडस्ट्री में एक दशक से ज्यादा वक्त बिता चुके हैं। उन्होंने अपने सफर की शुरुआत एक हॉरर शो से की थी और इसके बाद ‘लव मैरिज या अरेंज्ड मैरिज’, ‘चांद छुपा बादल में’, ‘देखा एक ख्वाब’, ‘मोल्क्की रिश्तों की अग्निपरीक्षा’ और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ जैसे पॉपुलर शोज में नजर आ चुके हैं।









