Parliament Monsoon session: आज मानसून सत्र का आखिरी दिन है, लेकिन संसद के दोनों सदनों में हंगामा जारी रहने की संभावना है। सरकार आज राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग बिल पेश करने जा रही है। यह बिल पहले ही लोकसभा से पास हो चुका है। बीजेपी ने अपने सांसदों को आज उपस्थित रहने का निर्देश (व्हिप) जारी किया है। वहीं, विपक्ष 130वें संविधान संशोधन बिल और बिहार में मतदाता संशोधन को लेकर विरोध जारी रख सकता है।
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही आज दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है। विपक्षी सांसद बिहार SIR पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। उनके हंगामे और विरोध के कारण दोनों सदनों में पूरे दिन सामान्य कार्यवाही नहीं हो पा रही है। मानसून सत्र की शुरुआत 21 जुलाई को हुई थी और आज इसका आखिरी दिन है, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते संसद में शांति नहीं दिखाई दे रही है।

विपक्ष ने विधेयक की प्रतिलिपि फाड़ी
कल अमित शाह द्वारा लोकसभा में तीन विधेयक पेश किए गए, जिनमें विपक्षी सांसदों ने प्रतिलिपि फाड़कर गृह मंत्री पर फेंक दी। वहीं, ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल, 2025 लोकसभा में पास कर दिया गया। यह बिल ऑनलाइन मनी गेम्स पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाता है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि इस बिल का इस्तेमाल सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए कर सकती है और केंद्र राज्यों के अधिकार छीन सकता है।
130वें संविधान संशोधन बिल ने राजनीति में भूचाल मचाया
130वें संविधान संशोधन बिल ने राजनीतिक हलकों में भूचाल ला दिया है। यह बिल प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को हटाने से संबंधित है। इसे लोकसभा में पेश कर JPC को भेजा जा चुका है। विपक्ष के लोकसभा में किए गए हंगामे से स्पष्ट हो गया है कि आज राज्यसभा में भी इसी तरह का माहौल बन सकता है। इस बिल ने विपक्ष और सरकार के बीच टकराव को और गहरा कर दिया है।
ऑनलाइन गेमिंग बिल आज राज्यसभा में पेश
सरकार ने इस मानसून सत्र में ऑनलाइन गेमिंग बिल पास कराने के लिए पूरी कोशिश की है। अब यह बिल आज राज्यसभा में पेश किया जाएगा। चूंकि आज सत्र का आखिरी दिन है, इसलिए सरकार इसे पास कराने में कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। वहीं, विपक्ष मतदाता संशोधन का विरोध भी आज आखिरी मौका में कर सकता है। 130वें संविधान संशोधन बिल ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है और संसद में संघर्ष के बीच बिलों की भागदौड़ जारी है।









